तेलंगाना की तरह महाराष्ट्र में भी जीत के संकल्प के साथ काम करें- अशोक चव्हाण

 महाराष्ट्र और देश में कांग्रेस की सत्ता फिर से लाने के लिए काम करें- रमेश चेन्निथला
राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा महाराष्ट्र में सफल होगी- नाना पटोले
2024 चुनाव का साल है, कड़ी मेहनत करें और कांग्रेस को जिताएं- बालासाहेब थोरात
कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक तिलक भवन में सम्पन्न हुई
कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में विधायकों को अयोग्य ठहराने के अलोकतांत्रिक फैसले का विरोध किया गया.


मुंबई|
देशभर में भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में देश की एकता और अखंडता को नष्ट करने का काम किया है। भाजपा सांप्रदायिक तनाव पैदा कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ रही है। विपक्षी दलों को डराने-धमकाने के लिए ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस भाजपा के उत्पीड़न के सामने डिगी नहीं है। महाराष्ट्र कांग्रेस विचारधारा का राज्य है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने यह बात गुरुवार को तिलक भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। उन्होंने विश्वास जताया है कि अगर सभी मिलकर काम करेंगे तो महाराष्ट्र और देश में एक बार फिर कांग्रेस की सत्ता जरूर आएगी।

रमेश चेन्निथला ने कांग्रेस कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक का मार्गदर्शन किया और फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने आगे कहा कि अगले दो महीने में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से मैदान में उतर रही है। राज्य के छह मंडलों में समीक्षा बैठक की जाएंगी। जिसके बाद जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर बैठक आयोजित कर पार्टी संगठन की तैयारी की समीक्षा की जाएगी। राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी का सामना करने के लिए विरोधी दलों का इंडिया गठबंधन काम कर रहा है और सभी विरोधियों को एक साथ लाने का काम चल रहा है। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के जरिए सीटों के बंटवारे पर भी चर्चा हुई है और ये चर्चा सकारात्मक रही है। जल्द ही सीटों के आवंटन पर फैसला लिया जाएगा। 2019 के चुनाव में बीजेपी को 30 फीसदी वोट मिले थे, यानी 70 फीसदी वोट खिलाफ थे, अगर ये सभी पार्टियां एक साथ आ जाएं तो बीजेपी को हराना संभव है। यह भाजपा और आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ लड़ाई है। भाजपा देश के इतिहास, परंपरा, लोकतंत्र, संविधान और सभी व्यवस्थाओं को नष्ट कर रही है। कांग्रेस का मकसद बीजेपी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि महाराष्ट्र से ज्यादा से ज्यादा सांसद जिताने के लिए सभी को मिल कर काम करना चाहिए।


प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विभाजनकारी नीति के खिलाफ पूरे देश समेत राज्य में गुस्सा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी, जिसे अभूतपूर्व सफलता मिली थी। अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा को भी शानदार सफलता मिलेगी। महाराष्ट्र के लोगों से भारत जोड़ो यात्रा को शानदार प्रतिसाद मिला था। ।वैसा ही प्रतिसाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा को भी मिलेगा। महाराष्ट्र में यह यात्रा पांच दिन तक छह जिलों से गुजरती हुई 479 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और यात्रा का अंत मुंबई में होगा। पटोले ने कहा कि इस यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी को प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में 70 करोड़ लोगों की आय न्यूनतम मजदूरी से भी कम है. इतनी बड़ी आबादी का जीवन स्तर खराब हो गया है। किसान बदहाल हैं। बेरोजगारी आसमान छू रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। महंगाई बढ़ रही है और केवल मुट्ठी भर उद्योग मित्रों को फायदा हो रहा है। पटोले ने कहा कि देश के लोगों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत मणिपुर से मुंबई तक 6900 किमी की दुरी तय की जाएगी और मुंबई में एक भव्य रैली आयोजित की जाएगी।

पूर्व सीएम और सीडब्ल्यूसी सदस्य अशोक चव्हाण ने कहा कि फिलहाल वन नेशन वन इलेक्शन की चर्चा चल रही है और बीजेपी लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी करा सकती है। चुनाव कभी भी हो सकते हैं। ऐसे में हमें इसके लिए तैयार रहना चाहिए। तेलंगाना में चुनाव से चार महीने पहले चर्चा हो रही थी कि कांग्रेस पार्टी चौथे स्थान पर रहेगी, लेकिन तस्वीर बदल गई। सभी ने मेहनत की और कांग्रेस तेलंगाना में सत्ता में आ गई। कर्नाटक में भी कांग्रेस ने बीजेपी को हराकर बड़ी जीत हासिल की। चव्हाण ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर द्वारा दिया गया विधायक अयोग्यता का फैसला लोकतंत्र के लिए हानिकारक है। इस तरह देश के सभी राज्यों में राजनीतिक अस्थिरता बनी रहेगी, यह फैसला राजनीति से प्रेरित है। कांग्रेस पार्टी इस फैसले का विरोध कर रही है।  


कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात ने कहा कि साल 2024 में चुनौतियां हैं। लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव हैं। इन दोनों चुनावों में अच्छी सफलता मिलनी चाहिए। बीजेपी के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ने की कोशिश की जा रही है, सभी मिलकर काम करेंगे तो जीत का परचम लहराएगा। जिस तरह भारत जोड़ो यात्रा ने एक जज्बा पैदा किया, उसी तरह भारत जोड़ो न्याय यात्रा को भी सफल बनाने के लिए सभी को मिल कर काम करना चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राम मंदिर को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए रेमश चेन्निथला ने कहा कि फ़िलहाल मंदिर का निर्माण अधूरा है। ऐसे में वहां आधे-अधूरे बने मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा करना गलत है। हिंदू धर्म के सर्वोच्च माने जाने वाले चारों शंकराचार्यों ने भी यही कहा है। वे भी इस कार्यक्रम में नहीं जाएंगे। कांग्रेस को आमंत्रित किया गया है लेकिन यह कार्यक्रम राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। अधूरे मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का करना उचित नहीं है। 


महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले की अध्यक्षता एवं प्रभारी रमेश चेन्निथला की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक तिलक भवन में संपन्न हुई। इसमें कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य अशोक चव्हाण, विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विधान परिषद में कांग्रेस समूह के नेता सतेज उर्फ बंटी पाटील, गोवा दमन दीव के प्रभारी माणिकराव ठाकरे, सांसद कुमार केतकर, पूर्व मंत्री नितिन राऊत, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री नसीम खान, चंद्रकांत हंडोरे, बसवराज पाटिल, प्रणीति शिंदे, कुणाल पाटिल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार, पूर्व मंत्री सतीश चतुर्वेदी, डॉ. विश्वजीत कदम, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक वर्षा गायकवाड, एआईसीसी सचिव सोनल पटेल, आशीष दुआ, संपत कुमार, पूर्व सांसद हुसैन दलवई, संजय निरुपम, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संध्या सव्वालाखे, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष विलास औताडे, एससी विभाग प्रदेश अध्यक्ष सिद्धार्थ हटियाम्बिरे, अल्पसंख्यक प्रभाग अध्यक्ष वजाहत मिर्जा, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आमिर शेख, उपाध्यक्ष नाना गावंडे, महासचिव प्रमोद मोरे, प्रवक्ता डॉ. राजू वाघमारे समेत तमाम प्रमुख नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विधायक अभिजीत वंजारी ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संध्या सव्वालाखे ने किया. प्रेस वार्ता में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की सूचना पुस्तिका का विमोचन किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post